एक शे'र अर्ज़ किया है’ मंच के साप्ताहिक 2 तरही मिसरों पर आधारित वाँ सप्ताहिक गिरह-नामा।
आज का मुशायरा इन दो मिसरों पर आधारित था:
665 वाँ मिसरा: 'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'।
~ रोहित सोनी 'ताबिश
666 वाँ मिसरा: 'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'।
~ 'एक शेर वर्कशॉप'
*****^*****
जायज़ा लीजिए अलग अलग ज़ावियों से इन मिसरों पर लगाई हुई गिरह का;
665 वें मिसरे: 'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'
पर 'एक शे'र अर्ज़ किया है' के शायरों की लगाई गईं गिरह:
कभी तो समझें सभी सादगी की सुंदरता
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'l 1 l
~लक्ष्मी शंकर बाजपेई, भारत
कभी लगे कि मैं छोड़ूं ये नक़ली मुस्कानें
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'l 2 l
~लक्ष्मी शंकर बाजपेई, भारत
हों काश बंद कभी ब्यूटी पार्लर सारे
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'l 3 l
~लक्ष्मी शंकर बाजपेई, भारत
गुजर बसर मैं करूं जैसा मेरा मन हो अब
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'l
~ममता 'किरण', भारत
बनावटी सा बने रहने की प्रथा टूटे,
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'l
~ दिगंबर नासवा, मलेशिया
किसी तरह तो दिखे हम को मन की सुंदरता
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'l
~सज्जाद अख्तर, भारत
सभी की जैसी हो कथनी वही हो करनी भी
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'l
~ प्रज्ञा त्रिवेदी , भारत
हम ओढ़े जायेंगे कब तक ये झूठी मुस्कानें
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िन्दगी कम हो' l
~डाॅ. आदेश त्यागी, भारत
करो जी बैन ए आई के ये सभी फ़िल्टर
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'।
~मधु शर्मा, कैलिफोर्निया
दिखावा ख़ुद तो करें ख़ूब, पर कहें सबसे-
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'l
~ मनोज 'अबोध', भारत
नक़ाब दिल की भी सूरत से गर उठाएं हम
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो'l
~रेनू हुसैन, भारत
मुहिम चले कि बनाना है दिल को आईना,
'किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो' l
~ आलोक अविरल
किसी तरह से तो कम हो मजाज़ी जीना ये,
‘किसी तरह तो दिखावे की ज़िंदगी कम हो’।
~ अशोक सिंह, न्यूयॉर्क
*✨*☀️**✨**
666 वें मिसरे: 'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'
पर 'एक शे'र अर्ज़ किया है' के शायरों की लगाई गईं गिरह:
ये पालिटिकल बहस तो सिर्फ़ हमको टेंशन देगी
'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'l
~लक्ष्मी शंकर बाजपेई, भारत
उन्हें झंडे, तो उन को झंडों के डंडे बनाना है,
'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'l
~खुर्रम नूर, भारत
मेरी अब जान भी बख्शो मुझे बीबी घुमाना है।
'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'l
~अनमोल प्रकाश शुक्ला, भारत
भला रोयें तो किस-किस को, मनायें ख़ैर किस-किस की,
'अमां अब छोड़िये भी बात सब, सन्डे मनाना है' l
~डाॅ. आदेश त्यागी, भारत
शनीचर भी ये ले डूबा है पिछले पीर का झगड़ा
'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'l
पीर-सोमवार
~प्रज्ञा त्रिवेदी ,भारत
सभी बेकार के टंटे, ये पेंडिंग लिस्ट हफ़्ते की
'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'l 1 l
~ दिगंबर नासवा, मलेशिया
शनि तक सोम से फुर्सत नहीं, कहते हैं संडे को
'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'l 2 l
~ दिगंबर नासवा, मलेशिया
हमारा रोज़ संडे है, बिज़ी तुम हो तो ये कह दो
'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'l
~मनोज 'अबोध', भारत
कही कैसी ग़ज़ल किसने ये बातें कल ही करनी थीं
'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'l
सज्जाद अख्तर भारत
कहानी रोज़ की है घर की , दुनिया की , ज़माने की
‘अमाँ अब छोड़िये भी बात सब सन्डे मनाना है’।
~रेनू हुसैन, भारत
कहा सजनी ने साजन से भला कब तक यूं रूठोगे
'अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'l
~ममता किरण, भारत
है किसकी भैंस पानी में, या किसके उड़ रहे तोते,
‘अमाँ अब छोड़िये भी बात सब सन्डे मनाना है’।
~ अशोक सिंह , न्यू यॉर्क
न ही तफ़तीश करनी है, न ही डंडा घुमाना है,
‘अमां अब छोडिये भी बात सब सन्डे मनाना है'।
~ अशोक सिंह , न्यू यॉर्क
****^*****
इस कार्यक्रम का यू-ट्यूब वीडियो देखने के लिए यहाँ क्लिक करिये:
©️सर्वाधिकार सुरक्षित। इस पोस्ट में साझा किए गए सभी गिरह के शे'र 'एक शे'र अर्ज़ किया है' पटल पर शामिल शायरों के हैं। इनमें से कोई भी शे'र शायर की लिखित पूर्व सहमति के बग़ैर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।
संपादक
~ कौसर भुट्टो, दुबई
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें